उज्जैन। उज्जैन नगर निगम द्वारा आयोजित अटल खेल मेला बुधवार से शुरू हो गया। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटलबिहारी वाजपेयी की जयंती पर इसका शुभारंभ किया गया और प्रतीकात्मक तौर पर केवल शस्त्र प्रतियोगिता आयोजित की गई। हॉकी और फुटबॉल जैसी बड़ी प्रतियोगिताएं बाद में होंगी। शुभारंभ समारोह में विधायक डॉ. मोहन यादव ने तलवार घुमाई तो निगम अध्यक्ष सोनू गेहलोत ने लाठी घुमाकर अपना हुनर प्रदर्शित किया। हालांकि दर्शकों की ज्यादा भीड़ जुट नहीं सकी। हर साल अटल खेल मेला के शुभारंभ के साथ ही प्रतियोगिताओं का दौर शुरू हो जाता है, लेकिन इस बार केवल शस्त्र प्रतियोगिता ही आयोजित की जा सकी। अन्य प्रतियोगिताएं दो माह बाद फरवरी में आयोजित करने का दावा किया जा रहा है। इसके पीछे स्वच्छता अभियान की व्यस्तता बताई जा रही है। नगर निगम के अधिकारी और पूरा अमला स्वच्छता सर्वेक्षण की तैयारी में जुटा हुआ है। इसी कारण बुधवार को शुभारंभ समारोह भी औपचारिक तौर पर ही किया गया।
उज्जैन में जब विधायक ने चलाई तलवार और निगम अध्यक्ष ने घुमाई लाठी